राजा और नन्ही चिड़िया
08 August 2014
10:03
एक बार एक राजा अपने बाग़ में टहल रहा था | एक घने पेड़ के नीचे से जब वह गुजर रहा था तब उसे एक चिड़िया का गीत सुनाई दिया -
' मैं सबसे धनी ...मैं सबसे धनी .... '
राजा आश्चर्यचकित हुआ | उसने अपने सहायक से पता लगाने को कहा कि आखिर यह चिड़िया क्यों ऐसे गा रही है |
राजा का सहायक पेड़ पर चढ़ा |
पेड़ पर से उतर कर उसने कहा कि राजन ! उस चिड़िया के घोंसले में एक सोने का सिक्का है | इसीलिये वह चिड़िया गा रही है खुशी में |
राजा ने सहायक को आदेश दिया कि वह जा कर उसके घोंसले से वह सोने का सिक्का निकाल ले |
सहायक पेड़ पर चढ़ के चिड़िया के घोंसले से सोने का सिक्का निकाल लाया और राजा को दे दिया |
ज्यों ही कुछ कदम आगे चला राजा चिड़िया गाने लगी -
' राजा ने लूट लिया ...राजा ने लूट लिया ..... '
राजा गुस्सा हो गया | उसने सैनिकों को आदेश दिया कि वे उस दुष्ट चिड़िया को पकड़ लें |
चिड़िया को पकड़ सिपाही दरबार में लाये |
सैनिक ज्यों ही चिड़िया को राजा को पकड़ाये राजा के हाथ से फड़फड़ा कर निकल गयी वह चिड़िया और दरबार के झरोखे पे बैठ के गाने लगी -
' राजा ने लूट लिया ....... राजा ने लूट लिया ...... '
क्रोधित हो राजा चीखा -
' पकड़ लो इस दुष्ट चिड़िया को .... '
सैनिक पकड़ लाये चिड़िया को |
गुस्से में राजा पकड़ कर चिड़िया को खा लिया |
अब राजा के पेट में गड़गड़ आवाज होने लगी और राजा को जोर की डकार निकली | डकार के साथ चिड़िया बाहर आ गयी राजा के पेट से और उड़ कर झरोखे पे बैठ के गाने लगी -
' राजा ने लूट लिया ...राजा ने लूट लिया .... '
राजा गुस्से से बिलबिला उठा | पकड़ो चिड़िया को चिग्घाड़ा -
' पकड़ो चिड़िया को .... '
फिर पकड़े चिड़िया को सैनिक |
अबकी बार आदेश दिया कि अगर इस बार चिड़िया उसके मुंह से निकले तो वे चिड़िया को तलवार से काट दें |
चिड़िया को हाथ में पकड़ कर फट से राजा ने घोंट लिया |
चिड़िया राजा के पेट में खूब फड़फफड़ाइ पर राजा ने अपना मुंह दबा कर रखा | आखिर राजा के मुंह से डकार निकल ही गयी | और ज्यों ही चिड़िया निकली मुंह से सैनिकों ने जोर का वार किया तलवार का |
चिड़िया उड़ कर झरोखे पे बैठ गयी और गाने लगी -
' राजा की नाक कटी नन्ही चिड़िया के कारण ...... राजा की नाक कटी नन्ही चिड़िया के कारण ... '
राजा अपनी कटी नाक पकड़ लिया जोर से |
और चिड़िया उड़ गयी फुर्र से |
Comments
Post a Comment